Spread the loveदेहरादून। जन समाधान दिवस में सोमवार को जौलीग्रांट, डोईवाला क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने सरकारी और ग्राम समाज की जमीन पर कथित अवैध कब्जे और प्लॉटिंग का मामला प्रशासन के सामने रखा। ग्रामीणों ने क्षेत्र में जमीनों की स्थिति की जांच कराने और यदि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीएम डोईवाला को अभिलेखीय और स्थलीय जांच के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों की ओर से दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि जौलीग्रांट क्षेत्र में ग्राम समाज की जमीन के अलावा नदी-जोहड़, तालाब, जंगलात और कृषि भूमि से जुड़ी जमीनों पर भी कथित रूप से कब्जे और प्लॉटिंग की जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इन जमीनों के राजस्व अभिलेखों की जांच कराने के साथ मौके पर स्थिति का सत्यापन करने की मांग की। शिकायत में पूर्व में भूमिहीन, गरीब और जरूरतमंद परिवारों को आवास या कृषि कार्य के लिए आवंटित किए गए पट्टों की जमीन का भी उल्लेख किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ मूल पट्टाधारकों की मृत्यु के बाद ऐसी जमीनों पर कथित रूप से कब्जे किए जा रहे हैं। हालांकि इन आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। ग्रामीणों ने क्षेत्र में जल निकासी और रास्तों से जुड़ी समस्या भी प्रशासन के सामने रखी। शिकायत के अनुसार कुछ स्थानों पर निर्माण और रैंप बनाए जाने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे बारिश के दौरान गलियों में जलभराव की स्थिति पैदा होती है। इससे स्थानीय लोगों के आवागमन में परेशानी होने की बात कही गई। जन समाधान दिवस की संयुक्त अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा और अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार ने की। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से भूमि विवाद, अतिक्रमण, आर्थिक सहायता, धोखाधड़ी समेत अन्य मामलों से जुड़ी 137 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। जौलीग्रांट से संबंधित शिकायत पर प्रशासन ने एसडीएम डोईवाला को राजस्व अभिलेखों की जांच के साथ मौके का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 28 Post navigation Uttarakhand Rajya Sabha Election 2026: एक सीट पर 16 अक्टूबर को मतदान, नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त देहरादून कोर्ट परिसर में पहली मंजिल से गिरी महिला, दून अस्पताल में उपचार जारी