Spread the love

देहरादून। देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार, 6 अक्टूबर को दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। मकान नंबर 16 में एक आरोपी ने लूट के इरादे से घुसकर बुजुर्ग दंपती और उनकी घरेलू सहायिका पर पेचकस से हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

मृतकों की पहचान 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि आरोपी, जो प्लंबर का काम करता था, लूट के इरादे से कपूर निवास में दाखिल हुआ। घर के अंदर उसने बुजुर्ग महिला रजनी कपूर के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। विरोध करने और शोर मचाने पर आरोपी ने उन पर पेचकस से हमला कर दिया।

रजनी कपूर की चीख-पुकार सुनकर घर में मौजूद घरेलू सहायिका शीला उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं। आरोप है कि आरोपी ने शीला पर भी पेचकस से हमला कर दिया। इसके बाद बुजुर्ग रमेश कपूर पर भी हमला किया गया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के दौरान पड़ोस में रहने वाली भारती भंडारी ने शोर सुना और बाहर आईं। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक युवक को नौकरानी पर पेचकस से हमला करते देखा। जब उन्होंने शोर मचाया तो आरोपी उनकी तरफ भी दौड़ा। इसी बीच आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

स्थानीय लोगों ने आरोपी को भागने का मौका नहीं दिया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे रायपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों, लूट के प्रयास और आरोपी के घर में प्रवेश करने की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

विष्णु लोक कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *