Bigg Boss फेम अनुराग डोभाल फिर Arrest, मारपीट के बाद अब Kidnapping का आरोप

Bigg Boss फेम अनुराग डोभाल फिर Arrest, मारपीट के बाद अब Kidnapping का आरोप
Spread the love

देहरादून। ‘बिग बॉस’ से सुर्खियों में आए यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने युवक को जबरन कार में बैठाकर ले जाने और उसके साथ मारपीट करने के आरोप में अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले में अपहरण की धारा भी बढ़ाई थी।

गिरफ्तार आरोपियों में अनुराग डोभाल (29), अभिषेक (22), अभय चौधरी (23) और कुर्बान (23) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार चारों को बृहस्पतिवार को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, टी स्टेट बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने छह अक्टूबर को नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी। शिकायत के अनुसार, पांच अक्टूबर की रात अनुराग डोभाल और उसके साथियों ने राज सिंह चौहान को हरिद्वार बाईपास रोड पर मिलने के लिए बुलाया था।

आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद आरोपियों ने राज सिंह चौहान को जबरन कार में बैठा लिया और उसके साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसे जान से मारने के इरादे से अपहरण कर ले जाने का प्रयास किया गया।

शिकायत मिलने के बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में अपहरण की धारा बढ़ाई गई और इसके बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस मामले में आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI