Spread the loveउत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार, 5 नवंबर को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई से होते हुए भागीरथी नदी में जा गिरी। दुर्घटना के समय वाहन में चालक समेत सात लोग सवार थे। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो महिलाएं लापता हैं। वहीं, एक 17 वर्षीय किशोर को गंभीर हालत में रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार का पंजीकरण नंबर UK08 TA 6040 बताया गया है। वाहन में गुजरात के साबरमती क्षेत्र के रहने वाले श्रद्धालु सवार थे, जो उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। गंगनानी धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरते हुए सीधे भागीरथी नदी में जा समाई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और आपातकालीन एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी बचाव अभियान में लगाया गया। नदी का बहाव तेज होने और घटनास्थल का भूगोल दुर्गम होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी चुनौतियां सामने आ रही हैं। चार मृतकों की हुई पहचान रेस्क्यू टीमों ने नदी किनारे पत्थरों के बीच से चार लोगों के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान गुजरात निवासी पटेल अशोकबेन (49 वर्ष), रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष), घनश्यामभाई सरवलिया (32 वर्ष) और वाहन चालक सुरेंद्र सिंह, निवासी हरिद्वार के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल 17 वर्षीय पटेल वेदांत अशोकभाई को बचाकर पहले भटवाड़ी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। दो महिलाओं की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी इस दुर्घटना में लापता दोनों महिलाओं की पहचान पटेल सुधाबेन अशोकभाई (45 वर्ष) और पटेल किरणबेन विशालभाई (34 वर्ष) के रूप में हुई है। उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और जल पुलिस की टीमें नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। भागीरथी नदी का तेज प्रवाह और गहराई बचाव दल के सामने बड़ी चुनौती बने हुए हैं। टीमें नदी के किनारों, चट्टानों और संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं। जिला प्रशासन की ओर से बचाव अभियान की निगरानी की जा रही है। हादसे के बाद गुजरात से आए श्रद्धालुओं के परिवारों में चिंता का माहौल है। फिलहाल लापता महिलाओं की तलाश जारी है और प्रशासन की ओर से अभियान से संबंधित आगे की जानकारी जुटाई जा रही है। HIMALAYAVANI | उत्तराखंड की खबरें Post Views: 5 Post navigation मोहब्बेवाला में भीषण हादसा, 4 की मौत Uttarakhand Transport: त्योहारों के बाद बसों की किल्लत, घंटों इंतजार कर रहे यात्री