Spread the loveदेहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। एक महीने के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियान को लेकर बताया कि इसमें कुल 11 प्रमुख कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। सरकार की कोशिश है कि इन कार्यक्रमों में केवल सरकारी तंत्र ही नहीं, बल्कि आम नागरिक, युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और विभिन्न वर्गों के लोग भी भाग लें। अभियान को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से भी जोड़ा गया है। अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम प्रमुख गतिविधियों में शामिल है। इसके अंतर्गत सरकारी योजना केंद्रों, राशन की दुकानों, गैस वितरण केंद्रों, धार्मिक स्थलों और गंगा घाटों सहित अलग-अलग स्थानों पर दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके जरिए सेवा और सामाजिक सहभागिता का संदेश लोगों तक पहुंचाने की योजना है। अभियान में रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी कार्यक्रम रखे गए हैं। ‘मेरे सपनों का भारत–चित्र सेवा’ के माध्यम से लोग भारत के भविष्य को लेकर अपने विचार और कल्पना चित्रों के जरिए सामने रख सकेंगे। वहीं ‘नमो सेवा–अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में सेवा से जुड़े अनुभवों और उन लोगों की कहानियों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा, जो किसी न किसी रूप में समाज के लिए काम कर रहे हैं। इसके अलावा ‘सेवा: मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए लोगों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की योजना है। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के माध्यम से नए विचारों और नवाचार को प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदेश के जिलों में अभियान से जुड़े कार्यक्रमों की रूपरेखा स्थानीय स्तर पर तैयार की जाएगी। सरकार का जोर अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी पर है। मुख्यमंत्री के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को बढ़ावा देने के साथ लोगों को देश के विकास से जुड़े लक्ष्यों के प्रति जागरूक करना है। 17 सितंबर से शुरू होने वाले इस अभियान के दौरान प्रदेशभर में अलग-अलग गतिविधियां चलेंगी। सरकार इसे जनभागीदारी के माध्यम से सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की पहल के रूप में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। Post Views: 10 Post navigation देहरादून में सियासी हलचल: हरीश रावत ने छोड़े कांग्रेस के दो बड़े पद, जानें पूरा मामला H1N1 Alert: देहरादून में बढ़े स्वाइन फ्लू के मामले, टीमें घर-घर पहुंचीं