देहरादून में पत्नी की गोली मारकर हत्या, पति फरार
Spread the love

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक महिला का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक महिला की गोली मारकर हत्या की गई है। वारदात के बाद उसका पति मौके से फरार है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई हैं।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को फोन कर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। कॉल के बाद मोबाइल फोन बंद हो गया। पुलिस ने फोन की आखिरी लोकेशन के आधार पर सुभाष नगर, ईदगाह रोड स्थित सत्य साईं मंदिर के पास एक प्लॉट के कमरे में पहुंचकर महिला का शव बरामद किया।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय काजल के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में उसके सिर में गोली लगने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कई दिनों से चल रहा था पति-पत्नी में विवाद

पुलिस जांच में सामने आया है कि काजल और उसके पति धीरज पंवार के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। मृतका के भाई अभिषेक ने भी पुलिस को दोनों के बीच अनबन होने की जानकारी दी है।

परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र का बताया जा रहा है और देहरादून में किराए के मकान में रह रहा था।

दोनों के बीच विवाद की वजह क्या थी और क्या घटना से पहले कोई बातचीत या कहासुनी हुई थी, पुलिस इसकी भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा

मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति धीरज पंवार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी तलाश में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस आरोपी के मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।

हत्या के पीछे क्या थी वजह?

फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य बिंदु हत्या की वजह और वारदात से पहले की परिस्थितियां हैं। पुलिस यह भी पता कर रही है कि इस्तेमाल किया गया हथियार कहां से आया और घटना के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *