नौकरी दिलाने के नाम पर 18 लाख की ठगी, फरार चल रहा शातिर ठग हरिद्वार से गिरफ्तार
Spread the love

कोटद्वार। नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों की ठगी करने वाले एक शातिर ठग को आखिरकार पौड़ी पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन एसएसपी पौड़ी के निर्देश पर गठित टीम ने सटीक सूचना पर उसे हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया।

क्या है पूरा मामला?
जौनपुर, कोटद्वार निवासी सूर्यकान्त बलूनी ने कोतवाली कोटद्वार में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। जिसमें उन्होंने बताया कि हरिद्वार निवासी प्रदीप सैनी ने उन्हें सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। नौकरी के नाम पर आरोपी ने उनसे धीरे-धीरे कर कुल 18 लाख रुपये ऐंठ लिए।

जब काफी समय तक न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए, तो पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली कोटद्वार पर आरोपी प्रदीप सैनी के विरुद्ध मु0अ0सं0 126/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।

नोटिस पर नहीं आया, जारी हुआ NBW
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने साक्ष्य संकलन कर आरोपी को कई बार नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन वह पुलिस के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन वह अपने घर से फरार चल रहा था।

लगातार गैर-हाजिर रहने और गिरफ्तारी से बचने के चलते माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया।

एसएसपी पौड़ी के निर्देश पर गठित हुई टीम
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पौड़ी ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और लगातार ठिकाने बदल रहे आरोपी की लोकेशन ट्रेस करनी शुरू की।

इसी क्रम में पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी हरिद्वार में छिपा हुआ है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने दिनांक 20.08.2026 को आरोपी प्रदीप सैनी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल आरोपी को कोटद्वार लाकर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में और भी कई ठगी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है।

हिमालयवाणी की अपील: नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वाले ऐसे ठगों से सावधान रहें। किसी भी सरकारी नौकरी के लिए पैसे का लेन-देन न करें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।