Spread the love

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड में सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव का एक सनसनीखेज मामला पौड़ी जिले से सामने आया है, जहां स्कूल जाने के लिए घर से निकली एक नाबालिग बालिका सीधे नोएडा पहुंच गई। यह पूरी वारदात सोशल मीडिया पर हुई एक दोस्ती के कारण हुई।

क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पौड़ी तहसील क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 2 सितंबर को राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग बेटी 1 सितंबर की सुबह विद्यालय जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

इस संबंध में राजस्व चौकी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामला राजस्व क्षेत्र का होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर विवेचना नियमित पुलिस को हस्तांतरित की गई।

SSP के निर्देश पर पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि नाबालिग की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये एक युवक से पहचान हुई थी। तकनीकी जांच में उसकी लोकेशन नोएडा में मिली।

सूचना पर पौड़ी पुलिस की टीम तत्काल नोएडा रवाना हुई और वहां दबिश देकर नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया।

आरोपी सीतापुर का रहने वाला
पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुशील यादव (25 वर्ष), पुत्र…, निवासी देहलारा, थाना मिस्रिक, जिला सीतापुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की तैयारी कर ली है। नाबालिग को सकुशल परिजनों के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है।

सोशल मीडिया पर अभिभावकों के लिए चेतावनी
इस घटना ने एक बार फिर अभिभावकों के लिए चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने अपील की है कि अभिभावक अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और अनजान लोगों से दोस्ती को लेकर उन्हें जागरूक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *