हरिद्वार में युवक को निशाना बनाने पहुंचे हमलावर, बीच में आई युवती को लगी गोली
Spread the love

हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र के मायापुर स्थित वाल्मीकि बस्ती में शुक्रवार देर रात फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार कुछ युवक एक युवक को निशाना बनाने के इरादे से उसके घर पहुंचे थे। इसी दौरान गोली चलने पर उसके साथ रह रही युवती बीच में आ गई और गोली उसके बाजू में लग गई।

घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। पुलिस के मुताबिक घायल युवती राजीव नगर की रहने वाली है और खन्नानगर क्षेत्र के एक जिम में रिसेप्शनिस्ट का काम करती है। वह मायापुर की वाल्मीकि बस्ती में अंश नाम के युवक के साथ रह रही थी।

युवक को निशाना बनाने का आरोप

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावरों का निशाना युवती नहीं बल्कि उसके साथ रह रहा युवक था। पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान युवक पर गोली चलाई गई। इसी दौरान युवती बीच में आ गई और गोली उसके बाजू में जा लगी।

घटना की सूचना मिलने के बाद नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

आरोपी की तलाश में पुलिस

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि घटना झगड़े के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी है। पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। मामले में घटना के पीछे की वजह और शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

फायरिंग की घटना के बाद इलाके में देर रात तक पुलिस की गतिविधियां बनी रहीं। स्थानीय स्तर पर भी घटना को लेकर लोगों में चर्चा रही। पुलिस अब CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI