Spread the loveदेहरादून। अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने जनपद में स्पा सेंटर, होटल, गेस्ट हाउस और अन्य संदिग्ध स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान में 15 से अधिक होटल, गेस्ट हाउस और अन्य संदिग्ध स्थलों की जांच की गई। अभियान में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। चेकिंग के दौरान 14 से अधिक संदिग्ध महिला एवं पुरुषों को पूछताछ और सत्यापन के लिए रोका गया। पुलिस द्वारा उनके संबंध में उपलब्ध अभिलेखों और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस और स्पा संचालकों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी परिसर में नाबालिगों का शोषण, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या अन्य अवैध गतिविधि संचालित अथवा संरक्षित न की जाए। सभी संचालकों को ग्राहकों और आगंतुकों के पहचान-पत्र का नियमानुसार सत्यापन करने तथा आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि रजिस्टर या डिजिटल रिकॉर्ड, पहचान-पत्र सत्यापन, लाइसेंस अथवा अन्य जरूरी दस्तावेजों में अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, किसी अवैध गतिविधि में संचालक या कर्मचारी की मिलीभगत, संरक्षण अथवा जानबूझकर सूचना छिपाने की पुष्टि होने पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ऐसे स्थलों को चिन्हित कर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि नाबालिगों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह की अचानक चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI Post Views: 45 Post navigation काठगोदाम में 1.155 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी भी बरामद मसूरी घूमने आए पर्यटकों की स्कॉर्पियो खाई में गिरी, पांचों सुरक्षित