₹40 का पेट्रोल भरवाकर पेट्रोल पंप पर लूट, दो दिन में पकड़े गए दो आरोपी
Spread the love

भगवानपुर के सिकंदरपुर में वारदात, तमंचा दिखाकर सेल्समैन से ₹9,500 लूटे; सहारनपुर से जुड़े हैं आरोपी

रुड़की, 27 सितंबर। हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव में पेट्रोल पंप पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने दो दिन के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से वारदात में शामिल दो आरोपियों को सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष (19) निवासी बहेड़ी गुर्जर, सहारनपुर और अमित उर्फ प्रिंस (20) निवासी साधारणसिर, सहारनपुर के रूप में हुई है।

बताया गया कि 24 सितंबर की देर रात दोनों आरोपी बाइक से सिकंदरपुर स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पंप पर पहुंचे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहचान छिपाने और शक से बचने के लिए सेल्समैन से सिर्फ ₹40 का पेट्रोल भरवाया और भुगतान के लिए ₹200 का नोट दिया।

पेट्रोल भरने के बाद सेल्समैन ने उन्हें ₹160 वापस किए। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने सेल्समैन पर .315 बोर का देशी तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी देते हुए उसके पास मौजूद करीब ₹9,500 की नकदी लूट ली। इसके बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद भगवानपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

पुलिस ने 26 सितंबर की देर रात दोनों आरोपियों को सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान के संबंध में पूछताछ की जा रही है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: अजय सेमल्टी / HIMALAYAVANI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *